गुरुग्राम  में पानी की निकासी पर विवाद, थार सवार पड़ोसी ने कारोबारी पर की ताबड़तोड़ फायरिंग

साइबर सिटी के खेड़की दौला थाना क्षेत्र के अंतर्गत गांव बार गुर्जर में पानी की निकासी को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देर रात फायरिंग तक पहुंच गया। एक थार सवार पड़ोसी ने अपने ही पड़ोस में रहने वाले बिल्डिंग मैटीरियल सप्लायर जयबीर राठी पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गनीमत रही कि जयबीर ने भागकर अपनी जान बचा ली, लेकिन आरोपी की गोलियों ने वहां खड़ी दो कारों को छलनी कर दिया।

फोन पर मिली थी जान से मारने की धमकी पीड़ित जयबीर राठी द्वारा पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, आरोपी दिनेश उर्फ धन्नी के साथ उनका पानी रोकने को लेकर पुराना विवाद चल रहा था। वारदात से कुछ समय पहले दिनेश ने जयबीर को फोन कर धमकी देते हुए कहा था, “तुझे समझाया था कि पानी रोक ले, लेकिन तू नहीं समझा। आज तुझे गोली मारूंगा।” इस धमकी के कुछ ही देर बाद आरोपी अपनी थार गाड़ी लेकर पहुंचा और वारदात को अंजाम दिया।

ताबड़तोड़ फायरिंग और कारों को नुकसान घटना सोमवार रात करीब 10 बजे की है। जयबीर जब अपने घर लौटने की तैयारी कर रहे थे, तभी दिनेश ने उन्हें देखते ही फायरिंग शुरू कर दी। जयबीर ने किसी तरह घर के भीतर भागकर खुद को बचाया। हालांकि, आरोपी ने रुकने के बजाय जयबीर को निशाना बनाकर कई फायर किए, जो वहां खड़ी ब्रेजा और स्विफ्ट कारों में जा लगे। फायरिंग के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

पुलिस ने बरामद किए गोलियों के खोल सूचना मिलते ही खेड़की दौला थाने की टीम और ईआरवी (ERV) दस्ता मौके पर पहुंचा। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और क्षतिग्रस्त ब्रेजा कार से 4 से 5 गोलियों के खोल बरामद किए हैं। पुलिस ने जयबीर राठी की शिकायत पर आरोपी दिनेश उर्फ धन्नी के खिलाफ हत्या के प्रयास (Attempt to Murder) और आर्म्स एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है।

गुरुग्राम पुलिस की टीमें आरोपी की तलाश में दबिश दे रही हैं। पुलिस ने बताया कि आरोपी की थार गाड़ी और मोबाइल लोकेशन के आधार पर उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।