इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट (IIM) कोझिकोड ने देश की सबसे कठिन प्रबंधन प्रवेश परीक्षा ‘कॉमन एडमिशन टेस्ट’ (CAT) 2025 के परिणाम जारी कर दिए हैं। इस वर्ष भोपाल के आकाशदीप गोयल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 99.67 पर्सेंटाइल हासिल किए हैं। आकाशदीप की इस सफलता ने राजधानी के शिक्षा जगत में खुशी की लहर पैदा कर दी है।
सेल्फ स्टडी और मेहनत का परिणाम आकाशदीप गोयल ने ट्रिपल आईटी (IIIT) ग्वालियर से बीटेक की डिग्री प्राप्त की है। उनकी माता, डॉ. मंजूषा गोयल, भोपाल के गांधी मेडिकल कॉलेज में शिशु रोग विभाग की एचओडी (HOD) हैं। डॉ. गोयल ने बताया कि आकाशदीप ने बिना किसी महंगी कोचिंग के, घर पर रहकर ही पूरी तैयारी की। वे हमेशा से ही कोचिंग के बजाय सेल्फ स्टडी और निरंतर अभ्यास पर भरोसा करते आए हैं। 99.67 पर्सेंटाइल के साथ अब उन्हें देश के शीर्ष IIM संस्थानों से इंटरव्यू कॉल मिलना लगभग तय है।
नॉर्मलाइजेशन के बाद जारी हुए पर्सेंटाइल इस वर्ष की परीक्षा का आयोजन 170 शहरों के 339 केंद्रों पर तीन अलग-अलग स्लॉट में किया गया था। चूंकि हर स्लॉट के प्रश्नपत्र की कठिनाई का स्तर अलग होता है, इसलिए आईईएम कोझिकोड ने ‘नॉर्मलाइजेशन प्रक्रिया’ अपनाई ताकि सभी 2.58 लाख उम्मीदवारों का मूल्यांकन एक समान पैमाने पर हो सके। 17 दिसंबर को फाइनल आंसर की जारी होने के बाद से ही उम्मीदवारों में उत्साह बना हुआ था।
अब शुरू होगा चयन का अगला चरण कैट का परिणाम आने के बाद अब असली मुकाबला शुरू होगा। देश के विभिन्न IIM और अन्य शीर्ष बिजनेस स्कूल अब अपने-अपने कट-ऑफ पर्सेंटाइल जारी करेंगे।
- शॉर्ट लिस्टिंग: न्यूनतम कट-ऑफ पार करने वाले उम्मीदवारों को अगले राउंड के लिए चुना जाएगा।
- WAT और PI: शॉर्टलिस्ट हुए छात्रों को लिखित परीक्षा (WAT), ग्रुप डिस्कशन (GD) और पर्सनल इंटरव्यू (PI) से गुजरना होगा।
- फाइनल मेरिट: अंतिम चयन में केवल कैट स्कोर ही नहीं, बल्कि उम्मीदवार के 10वीं-12वीं के अंक, ग्रेजुएशन रिकॉर्ड, वर्क एक्सपीरियंस और जेंडर डायवर्सिटी को भी महत्व दिया जाएगा।
IIM कोझिकोड ने सभी उम्मीदवारों को सलाह दी है कि वे संबंधित संस्थानों की वेबसाइट पर नजर रखें क्योंकि जल्द ही इंटरव्यू के शेड्यूल और शॉर्टलिस्ट किए गए नामों की घोषणा की जाएगी।