राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज, शुक्रवार को राजस्थान की राजधानी जयपुर के एक दिवसीय दौरे पर रहेंगी। अपने इस प्रवास के दौरान राष्ट्रपति सीकर रोड स्थित नींदड़ हाउसिंग स्कीम (हरमाड़ा) में आयोजित एक भव्य धार्मिक समारोह में शिरकत करेंगी। राष्ट्रपति के वीआईपी मूवमेंट को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा के अभेद्य इंतजाम किए हैं।
मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम: दोपहर 1:40 बजे होगा आगमन
राष्ट्रपति के आधिकारिक कार्यक्रम के अनुसार उनका पूरा शिड्यूल कुछ इस प्रकार रहेगा:
- दोपहर 01:40 बजे: जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर लैंडिंग।
- दोपहर 02:10 बजे: सड़क मार्ग से सिविल लाइंस स्थित ‘लोक भवन’ आगमन।
- दोपहर 03:50 बजे: लोक भवन से हरमाड़ा के लिए प्रस्थान।
- शाम 04:20 बजे: नींदड़ हाउसिंग स्कीम, सीकर रोड पर कार्यक्रम स्थल पर आगमन।
- शाम 05:50 बजे: जयपुर एयरपोर्ट से पालम एयरपोर्ट, दिल्ली के लिए रवानगी।
धार्मिक आयोजन: जगद्गुरु रामभद्राचार्य के सानिध्य में महायज्ञ
राष्ट्रपति मुर्मू रामानंद मिशन द्वारा आयोजित 1008 कुंडीय हनुमान महायज्ञ में शामिल होंगी। गौरतलब है कि हरमाड़ा में तुलसी पीठाधीश्वर जगद्गुरु रामभद्राचार्य के सानिध्य में 8 जनवरी से श्रीराम कथा और महायज्ञ का आयोजन चल रहा है। आज राष्ट्रपति की उपस्थिति में इस भव्य अनुष्ठान और श्रीराम कथा का विधि-विधान से समापन होगा।
ट्रैफिक एडवाइजरी: इन रास्तों पर जाने से बचें
राष्ट्रपति के दौरे के दौरान शहर की यातायात व्यवस्था में व्यापक बदलाव किए गए हैं। जयपुर ट्रैफिक पुलिस ने आमजन के लिए विस्तृत एडवाइजरी जारी की है:
- प्रमुख मार्ग: न्यू सांगानेर रोड, एक्सप्रेस हाईवे और सीकर रोड पर दोपहर बाद ट्रैफिक को कुछ समय के लिए पूरी तरह रोका जा सकता है। इन मुख्य सड़कों पर वाहनों की पार्किंग प्रतिबंधित रहेगी।
- अजमेर रोड डायवर्जन: अजमेर रोड से एक्सप्रेस हाईवे की ओर जाने वाले भारी वाहनों को रिंग रोड की ओर डायवर्ट किया गया है।
- सीकर रोड डायवर्जन: सीकर रोड से आने वाले भारी वाहनों को टोडी मोड़ से पहले न्यू टीपी नगर होकर दौलतपुरा एक्सप्रेस हाईवे की ओर भेजा जाएगा।
- दिल्ली रोड डायवर्जन: दिल्ली रोड से अजमेर एक्सप्रेस हाईवे की ओर जाने वाले भारी वाहनों को चंदवाजी होकर दिल्ली रोड ट्रांसपोर्ट नगर के रास्ते जाना होगा।
विशेष नोट: आपातकालीन सेवाएं जैसे एम्बुलेंस और फायर ब्रिगेड के लिए मार्ग पूरी तरह खुला रहेगा।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
महायज्ञ में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के जुटने की संभावना को देखते हुए पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर है। कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा के त्रिस्तरीय इंतजाम किए गए हैं और सीसीटीवी कैमरों के जरिए चप्पे-चप्पे पर नजर रखी जा रही है। आम लोगों से अपील की गई है कि वे अनावश्यक जाम से बचने के लिए डायवर्ट किए गए रास्तों का ही उपयोग करें।