मिनियापोलिस में आईसीई एजेंट द्वारा महिला की हत्या के बाद जारी विरोध प्रदर्शनों के बीच अमेरिकी लेट-नाइट होस्ट जिमी किमेल ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर तीखा व्यंग्य किया है।
किमेल ने गुरुवार रात अपने शो ‘जिमी किमेल लाइव!’ में ट्रंप को ‘अवॉर्ड्स के शौकीन’ बताते हुए मजाकिया ऑफर दिया। उन्होंने कहा कि ट्रंप को पुरस्कार इतने पसंद हैं कि इससे उन्हें कोई भी काम करवाया जा सकता है। इसलिए अगर ट्रंप मिनियापोलिस से इमिग्रेशन एंड कस्टम्स एनफोर्समेंट (आईसीई) के एजेंट्स को हटा लें और उन्हें बॉर्डर पर वापस भेज दें, तो वह ट्रंप को अपने कई पुरस्कार देने को तैयार हैं।
किमेल ने स्टेज पर अपने कई अवॉर्ड्स की मेज लगवाई, जिसमें 1999 का डेटाइम एमी अवॉर्ड (बेस्ट गेम शो होस्ट), क्लियो अवॉर्ड, वेबी अवॉर्ड, राइटर्स गिल्ड अवॉर्ड और 2015 का सोल ट्रेन अवॉर्ड ‘व्हाइट पर्सन ऑफ द ईयर’ शामिल थे। उन्होंने व्यंग्यात्मक अंदाज में कहा, “आपकी मर्जी, मैं इन्हें किसी एक या सभी को ओवल ऑफिस में खुद डिलीवर कर दूंगा, बस मिनियापोलिस के लोगों को अकेला छोड़ दें।”
यह व्यंग्य मिनियापोलिस में आईसीई की कार्रवाई के दौरान एक महिला (रेनी निकोल गुड) की मौत और उसके बाद भड़के बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शनों के संदर्भ में आया है। किमेल ने ट्रंप पर तंज कसते हुए कहा कि कोई जिम्मेदार राष्ट्रपति ऐसे हालात में शांति स्थापित करने की कोशिश करता, लेकिन ट्रंप जहां जाते हैं, वहां तनाव बढ़ जाता है। उन्होंने ट्रंप की अवॉर्ड्स के प्रति लालसा पर भी कटाक्ष किया, खासकर हाल ही में वेनेजुएला की विपक्षी नेता द्वारा दिए गए नोबेल पीस प्राइज मेडल का जिक्र करते हुए।
व्हाइट हाउस ने किमेल के इस बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। व्हाइट हाउस के कम्युनिकेशन डायरेक्टर स्टीवन चेउंग ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि किमेल को ये अवॉर्ड्स अपने पास ही रख लेने चाहिए। उन्होंने कहा, “जब खराब रेटिंग्स के कारण उन्हें नौकरी से निकाल दिया जाएगा, तो वे इन्हें गिरवी रख सकेंगे।”