जबलपुर में सोशल मीडिया पर सनसनी फैलाने के चक्कर में एक कॉलेज छात्र को पुलिस ने धर-दबोचा। आरोपी छात्र ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का इस्तेमाल कर एक ऐसा वीडियो बनाया जिसमें एक विशाल यात्री विमान को जबलपुर रेलवे स्टेशन की पटरियों पर लैंड करते और ट्रेन के इंजन से टकराते दिखाया गया था।
इंस्टाग्राम फॉलोअर्स बढ़ाने के लिए रची साजिश
पकड़े गए आरोपी की पहचान अभी पटेल के रूप में हुई है, जो महाकौशल कॉलेज में बी.कॉम प्रथम वर्ष का छात्र है। पूछताछ में उसने कबूल किया कि उसने यूट्यूब से एआई वीडियो मेकिंग सीखी थी। वह अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर लाइक, व्यूज और फॉलोअर्स बढ़ाना चाहता था। इससे पहले उसने एक हवाई जहाज को खेत में उतारने का भी फर्जी वीडियो बनाया था, जिसे लाखों लोगों ने सच मान लिया था।
एयरपोर्ट अथॉरिटी की शिकायत पर एक्शन
वीडियो के वायरल होते ही जबलपुर एयरपोर्ट अथॉरिटी के डायरेक्टर आरआर पांडे ने इसे गंभीरता से लिया। उन्होंने इसे जनता के बीच भ्रम और डर फैलाने वाला कृत्य बताते हुए डुमना पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने साइबर सेल की मदद से आरोपी की लोकेशन ट्रेस की और रविवार को उसे नरसिंहपुर जिले के विक्रमपुर गांव से गिरफ्तार कर लिया।
कान पकड़कर मांगी माफी; पुलिस की कड़ी चेतावनी
पुलिस कस्टडी में छात्र ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए कान पकड़कर माफी मांगी। उसने बताया कि उसे अंदाजा नहीं था कि एक ‘फनी वीडियो’ उसे जेल तक पहुंचा सकता है। पुलिस ने छात्र के खिलाफ BNS की धारा 170 के तहत मामला दर्ज किया और भविष्य में ऐसा न करने का लिखित माफीनामा लेने के बाद उसे निजी मुचलके पर छोड़ दिया।
प्रशासन की अपील: तकनीक का दुरुपयोग न करें
एडिशनल एसपी जितेन्द्र सिंह ने युवाओं को चेतावनी देते हुए कहा:
“एआई और मोबाइल टेक्नोलॉजी प्रयोग के लिए है, दुरुपयोग के लिए नहीं। अगर कोई लाइक-व्यूज के लिए ऐसा कंटेंट वायरल करता है जिससे समाज में भ्रम पैदा हो, तो वह अपराध की श्रेणी में आता है और उसके खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।”