महाराजपुरा थाना क्षेत्र के शताब्दीपुरम में एक रिटायर्ड आर्मी जवान ने अपनी लाइसेंसी राइफल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान श्याम बिहारी भदौरिया (50) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से भिंड जिले के तुकेड़ा, मालनपुर के निवासी थे और वर्तमान में शताब्दीपुरम में रह रहे थे।
पुलिस के अनुसार, घटना गुरुवार रात करीब 1.30 से 2 बजे के बीच हुई। श्याम बिहारी रात का खाना खाने के बाद अपने कमरे में सोने चले गए थे, जबकि उनकी पत्नी और बच्चे अलग कमरे में थे। देर रात कमरे से अचानक गोली चलने की तेज आवाज आई।
परिजनों ने बताया कि आवाज सुनकर वे तुरंत कमरे में पहुंचे। दरवाजा खोलते ही सामने का नजारा देखकर वे स्तब्ध रह गए, श्याम बिहारी बिस्तर पर खून से लथपथ पड़े थे और उनके पास .315 बोर की लाइसेंसी राइफल रखी हुई थी। गोली सिर में लगने से उनका सिर बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया था और खून की छींटें कमरे की छत तक पहुंच गई थीं।
परिजनों ने तत्काल महाराजपुरा पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया, जिसमें बिस्तर, दीवारों, छत से सबूत एकत्र किए गए तथा राइफल से फिंगरप्रिंट लिए गए।
परिजनों के मुताबिक, श्याम बिहारी सुबह से ही शराब पी रहे थे और नशे की हालत में रात को कमरे में चले गए थे। इसलिए किसी ने उन्हें डिस्टर्ब नहीं किया। उन्होंने कहा कि आत्महत्या के पीछे का कारण उन्हें नहीं पता।
महाराजपुरा पुलिस थाना प्रभारी यशवंत गोयल ने बताया कि कमरे से कोई सुसाइड नोट या पत्र नहीं मिला है, जिससे मौत का स्पष्ट कारण पता चल सके। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शराब के नशे और अन्य संभावित कारणों की पड़ताल की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही पूरी घटना की वजह सामने आएगी।