ग्वालियर के चंद्रवदनी क्षेत्र में शुक्रवार-शनिवार की रात एक टेंट व्यवसायी के गोदाम में लगी आग ने भीषण रूप धारण कर लिया। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में 10 फीट से अधिक ऊंची लपटें उठने लगीं, जो दूर से सड़क पर दिखाई दे रही थीं। आसपास घनी आबादी होने के कारण इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग घरों से बाहर निकल आए।
घटना हीरा भूमिया मंदिर के निकट टेंट व्यवसायी अवधेश सिंह यादव के गोदाम की है। अवधेश सिंह यादव मुख्य रूप से शादी-विवाह और अन्य समारोहों के लिए टेंट, डेकोरेशन और संबंधित सामग्री का काम करते हैं। उनका पूरा कारोबार इसी गोदाम से संचालित होता है। बताया जा रहा है कि होलिका अष्टक के कारण विवाह मुहूर्त बंद होने से विभिन्न स्थानों से लाए गए टेंट, सजावट का सामान, लाइटिंग आदि एक ही जगह गोदाम में जमा हो गए थे।
रात करीब 2 से 3 बजे के बीच अचानक आग लग गई। जब स्थानीय लोगों को पता चला, तब तक आग पूरी तरह बेकाबू हो चुकी थी और पूरे इलाके में घना धुआं फैल गया था। लोगों ने तुरंत फायर ब्रिगेड, पुलिस और गोदाम मालिक को सूचित किया।
सूचना मिलते ही सात दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। गोदाम तक पहुंचने वाला रास्ता संकरा होने से दमकल कर्मियों को काफी परेशानी हुई। आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि चारों ओर से पानी डालने के बावजूद काबू नहीं आ रही थी। अंततः गोदाम की एक दीवार तोड़कर अंदर से आग पर पानी फेंका गया। टेंट के कपड़े, प्लास्टिक और इलेक्ट्रिकल वायरिंग होने के कारण आग बार-बार भड़क रही थी। लगातार 4 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सुबह करीब 7 बजे आग पर पूर्ण नियंत्रण पाया जा सका।
रिहायशी इलाका होने से आग के फैलने की आशंका बनी रही, जिससे बड़ा हादसा हो सकता था, लेकिन दमकल टीम की तत्परता से आग को आसपास के मकानों तक नहीं पहुंचने दिया गया।
गोदाम मालिक अवधेश सिंह यादव के अनुसार आग में टेंट, डेकोरेशन सामग्री, सीजन के लिए नई खरीदी गई चीजें, लोडिंग वाहन और बाइक सहित लगभग 50 लाख रुपये का सामान जलकर खाक हो गया। प्रारंभिक जांच में आग का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम विस्तृत जांच कर रही है ताकि सटीक कारण का पता लगाया जा सके।