इंदौर: बिना अनुमति वाहन रैली पर छात्र नेता आयुष भार्गव गिरफ्तार, माफी मांगकर हुए रिहा

जूनी थाना पुलिस ने सांसद शंकर लालवानी के कथित प्रतिनिधि पंकज फतेहचंदानी के जन्मदिन के अवसर पर बिना अनुमति के वाहन रैली निकालने के मामले में छात्र नेता आयुष भार्गव को गिरफ्तार किया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, 7 मार्च को पंकज फतेहचंदानी के जन्मदिन पर शहर में बड़ी संख्या में युवकों के साथ एक वाहन रैली निकाली गई थी। इस दौरान आयुष भार्गव ने कार की छत पर खड़े होकर स्टंट किया, जिसका वीडियो बनाकर उन्होंने अपनी इंस्टाग्राम आईडी पर अपलोड कर दिया था। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया और कार्रवाई शुरू की।

रैली के कारण शहर में यातायात व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हुई थी। पुलिस ने आयुष भार्गव को हिरासत में लेकर पूछताछ की। गिरफ्तारी के बाद उन्होंने हाथ जोड़कर माफी मांगी और कहा कि उनके इंस्टाग्राम अकाउंट से अपलोड किया गया वीडियो गलत संदेश दे रहा था। उन्होंने समाज से माफी मांगते हुए आश्वासन दिया कि भविष्य में ऐसी कोई गलती नहीं दोहराएंगे।

आयुष पर मोटर वाहन अधिनियम की संबंधित धाराओं के अलावा अन्य प्रतिबंधात्मक धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। कोर्ट में आवश्यक दंड भुगतान के बाद उन्हें जमानती धाराओं में थाने से ही जमानत पर रिहा कर दिया गया।

पुलिस ने स्पष्ट किया कि रैली बिना किसी पूर्व अनुमति के निकाली गई थी, जिससे सार्वजनिक व्यवस्था और यातायात को नुकसान पहुंचा।