पश्चिम दिल्ली के उत्तम नगर इलाके में स्थित मटियाला गांव के मछली मार्केट क्षेत्र में बुधवार देर रात भीषण आग लग गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटें इतनी तेजी से फैलीं कि कुछ ही समय में करीब 300 से 400 झुग्गियां पूरी तरह जलकर राख हो गईं।
दिल्ली फायर सर्विस को रात लगभग 11:54 बजे सूचना मिलने के बाद तुरंत राहत कार्य शुरू किया गया। आग की तीव्रता को देखते हुए इसे मीडियम श्रेणी की घटना घोषित किया गया। मौके पर नौ वाटर टेंडर, आठ वाटर बाउजर और अन्य विशेष वाहनों सहित बड़ी संख्या में दमकलकर्मी पहुंचे। डीसीएफओ ए.के. मलिक और डीओ संदीप दुग्गल के नेतृत्व में लगभग ढाई घंटे की कड़ी मेहनत के बाद रात 2:30 बजे आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाया जा सका।
सौभाग्य से इस हादसे में अब तक किसी के जान-माल के नुकसान या हताहत होने की कोई पुष्ट सूचना नहीं मिली है। हालांकि, आग में कई झुग्गियों के साथ-साथ दर्जनों दोपहिया वाहन भी जलकर खाक हो गए। पुलिस की प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि झुग्गी बस्ती के आसपास जमा कूड़े के ढेर में किसी ने जलती हुई सिगरेट या बीड़ी फेंक दी होगी, जिसकी चिंगारी से आग भड़क उठी।
घटना के दौरान एक साहसिक कार्य भी सामने आया, जब पुलिस हेड कांस्टेबल रामरतन और कुछ स्थानीय निवासियों ने अपनी जान जोखिम में डालकर आग के बहुत करीब खड़ी एक कार का शीशा तोड़ा और उसे सुरक्षित जगह पर ले गए। इससे संभावित बड़े विस्फोट को टाला जा सका।