ईरान-इजरायल-अमेरिका के बीच चल रहे तनाव के बीच देश में LPG सिलेंडर की कथित कमी और उपलब्धता के संकट को लेकर गुरुवार को संसद परिसर में विपक्षी दलों के सांसदों ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।
इस प्रदर्शन में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी सहित कई कांग्रेस और अन्य विपक्षी सांसद शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने हाथों में तख्तियां और बैनर लिए हुए थे, साथ ही “नरेंद्र भी गायब, सिलेंडर भी गायब” जैसे नारे लगाकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला।
राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि पीएम लगातार जनता से कह रहे हैं कि घबराने की कोई जरूरत नहीं है, लेकिन उनका व्यवहार कुछ और ही बयां कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री खुद विभिन्न कारणों से दबाव और घबराहट में नजर आ रहे हैं। राहुल गांधी ने कहा, “प्रधानमंत्री कहते हैं घबराओ मत, लेकिन कल सदन में उनकी कुर्सी खाली थी। वे जनता को आश्वस्त करने की बात करते हैं, जबकि खुद परेशान दिख रहे हैं।”
विपक्ष का आरोप है कि वैश्विक तनाव के कारण एलपीजी सिलेंडर की आपूर्ति प्रभावित हुई है, जिससे आम लोगों, खासकर घरेलू उपभोक्ताओं और छोटे व्यवसायों को भारी परेशानी हो रही है। विपक्षी सांसदों ने मांग की है कि सरकार इस मुद्दे पर संसद में विस्तृत चर्चा कराए और संकट के समाधान के लिए ठोस कदम उठाए।