भोपाल के ईंटखेड़ी थाना क्षेत्र में एक क्रेन ऑपरेटर ने घरेलू विवाद के कारण फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। यह घटना बुधवार-गुरुवार की मध्यरात्रि के आसपास हुई।
मृतक की पहचान 27 वर्षीय केशव धानक पुत्र घिसीलाल धानक के रूप में हुई है, जो जगदीशपुर इलाके का निवासी था। वह क्रेन ऑपरेटर के तौर पर काम करता था और चार वर्ष पूर्व कृष्णा नामक युवती से उसका विवाह हुआ था।
परिजनों के अनुसार, आत्महत्या से पहले केशव ने अपने भाई और पत्नी को एक संदेश भेजा था, जिसमें उसने अपनी पत्नी कृष्णा को अपनी मौत के लिए जिम्मेदार ठहराया था। गुरुवार सुबह लगभग 5:45 बजे परिजनों ने घर के कमरे में उसे फंदे पर लटका हुआ पाया।
मृतक के चाचा विनोद धानक ने आरोप लगाया कि शादी के बाद भी बहू का किसी अन्य युवक से संबंध था। भतीजे ने एक बार उन्हें बात करते हुए देख लिया था, जिसके बाद दोनों के बीच लगातार विवाद चलता रहा। बहू अक्सर मायके चली जाती थी और कई दिनों तक नहीं लौटती थी। इसके अलावा, उसकी मां और बड़ी बहन नियमित रूप से केशव को फोन कर गालियां देती थीं तथा फर्जी मुकदमे में फंसवाकर जेल भिजवाने की धमकियां देती थीं।
चाचा विनोद का कहना है कि आत्महत्या से ठीक पहले बहू की बड़ी बहन ने केशव को फोन कर अपशब्द कहे थे। इसकी ऑडियो रिकॉर्डिंग भी परिवार के पास है, जिसे उन्होंने पुलिस को सौंप दिया है। परिवार ने पत्नी, उसकी मां और बड़ी बहन के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है, जिन्होंने कथित तौर पर उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया और आत्महत्या के लिए मजबूर किया।
पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। प्राप्त चार ऑडियो क्लिप्स को जांच में शामिल किया गया है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।