भगवान हनुमान का जन्मोत्सव (हनुमान जयंती) शहर भर में बड़े उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा है। सिंधिया काल की ऐतिहासिक छतरी मैदान स्थित रोकड़िया हनुमान मंदिर समेत पूरे शहर के प्रमुख मंदिरों में सुबह से ही भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है।
मंदिरों में सुबह 4 बजे से ही भगवान का अभिषेक और विशेष पूजन शुरू हो गया। चोला चढ़ाने के बाद पट खोलकर भक्तों को दर्शन करने की अनुमति दी गई। भक्त पूजा-अर्चना कर भगवान हनुमान का आशीर्वाद प्राप्त कर रहे हैं।
रोकड़िया सरकार (बड़े हनुमान मंदिर) में सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया जा रहा है। इसके बाद भगवान को 5100 लड्डुओं का भोग लगाया गया, जिसे भक्तों में प्रसाद के रूप में वितरित किया जा रहा है। साथ ही फूल बंगला और छप्पन भोग की भी तैयारियां की गई हैं।
रेलवे ओवरब्रिज के नीचे स्थित 300 वर्ष पुराने मंशापूर्ण हनुमान मंदिर पर भी सुबह से भक्तों की भारी भीड़ है। श्रद्धालु दूर-दूर से आकर लंबी कतारों में लगकर बाबा के दर्शन कर रहे हैं।
धुआं वाले हनुमान मंदिर में लगा मेला
शहर से करीब 45 किलोमीटर दूर घाटीगांव स्थित धुआं वाले हनुमान मंदिर में हनुमान जयंती के अवसर पर भव्य मेला लगाया गया है। यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। इसी तरह ग्वालियर-झांसी रोड पर स्थित जौरासी घाटी के जौरासी हनुमान मंदिर पर भी सुबह से भक्तों की लंबी लाइन लग गई है।
बहोड़ापुर धाम में अखंड रामायण पाठ
बहोड़ापुर धाम मंदिर में बुधवार से अखंड रामायण पाठ शुरू किया गया था, जिसका गुरुवार शाम को समापन होगा। इस बार भी भगवान को सोने के काम वाला चोला चढ़ाया गया है। हनुमान जयंती के मौके पर ग्वालियर के सभी प्रमुख हनुमान मंदिरों में भक्ति का माहौल छाया हुआ है और भक्त उत्साहपूर्वक बाबा के दर्शन व पूजन में शामिल हो रहे हैं।