इंदौर: 6 साल के बच्चे को कार ने कुचला, पैर फ्रैक्चर

इंदौर में 6 वर्षीय बच्चे के साथ एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया है। मंगलवार को शांति निकेतन कॉलोनी में सड़क पर खेल रहे दो बच्चों में से एक को तेज रफ्तार कार ने चपेट में ले लिया, जिसमें बच्चे का पैर टूट गया।

हादसे का पूरा वाकया कॉलोनी के एक मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि सड़क पर दोनों बच्चे खेल रहे थे। इसी दौरान ग्रे रंग की एक कार पीछे से आकर उनमें से एक बच्चे को कुचलती हुई निकल गई। कार का अगला पहिया बच्चे के पैरों पर से गुजरा, जबकि पिछला पहिया उसके शरीर के ऊपर चढ़ गया।

कार गुजर जाने के बाद बच्चा खुद उठने की कोशिश करता नजर आ रहा है। पुलिस के मुताबिक, यह कार संजय अग्रवाल के नाम पर रजिस्टर्ड है, जिसे उनका ड्राइवर दीपक (27 वर्ष) चला रहा था। दीपक धीरज नगर का निवासी है।

हादसे के तुरंत बाद संजय अग्रवाल खुद घायल बच्चे को लेकर बॉम्बे अस्पताल पहुंचे। उन्होंने अपने ड्राइवर को थाने भेजकर घटना की शिकायत दर्ज कराई। थाना प्रभारी तारेश सोनी ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।

घायल बच्चे की पहचान आयुष रावत के रूप में हुई है। उसके पिता अजय रावत पेशे से मजदूर हैं और परिवार शांति निकेतन कॉलोनी में ही रहता है। बॉम्बे अस्पताल में भर्ती आयुष की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। डॉक्टरों ने उसके पैर में फ्रैक्चर की पुष्टि की है।