पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा मुहम्मद आसिफ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इजराइल के खिलाफ बेहद कड़े शब्दों में बयान दिया। उन्होंने इजराइल को मानवता के लिए बुराई और अभिशाप करार दिया तथा इसे कैंसर से ग्रस्त राज्य बताया। आसिफ ने यह भी कहा कि फिलिस्तीनी भूमि पर यूरोपीय यहूदियों से छुटकारा पाने के लिए इस देश को बनाने वाले लोग नर्क में जलें।
अपने अब हटा दिए गए पोस्ट में उन्होंने लिखा कि जब इस्लामाबाद में शांति वार्ता चल रही है, उसी दौरान लेबनान में नरसंहार हो रहा है। इजराइल पहले गाजा, फिर ईरान और अब लेबनान में निर्दोष नागरिकों की हत्या कर रहा है, जिससे खूनखराबा जारी है।
यह बयान ऐसे वक्त में आया जब पाकिस्तान अमेरिका और ईरान के बीच शांति वार्ता की मेजबानी करने की तैयारी कर रहा था। इजराइल के हालिया लेबनान हमलों में सैकड़ों लोगों की मौत की खबरें आई थीं, जिसके बाद यह विवादास्पद पोस्ट सामने आया।
पोस्ट हटाया, इजराइल की कड़ी प्रतिक्रिया
भारी आलोचना के बाद आसिफ ने अपना पोस्ट हटा लिया। इजराइल ने इस बयान की निंदा करते हुए इसे घृणित और असहनीय बताया। इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के कार्यालय ने इसे ‘आउट्रेजियस’ (अत्यंत निंदनीय) करार दिया और कहा कि पाकिस्तान जैसा देश, जो खुद को शांति वार्ता का निष्पक्ष मध्यस्थ बता रहा है, ऐसे बयान नहीं दे सकता।
इजराइली विदेश मंत्री ने भी इसे स्पष्ट रूप से एंटी-सेमिटिक बताया और कहा कि इजराइल को ‘कैंसर’ कहना उसके विनाश की कामना है। इस घटना से पाकिस्तान की मध्यस्थ भूमिका पर सवाल खड़े हो गए हैं।