छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में पुलिस ने नेशनल हाईवे पर एक बस से 18.590 किलोग्राम चांदी के आभूषण जब्त किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत 46 लाख रुपये से अधिक है।
यह कार्रवाई रेहटीखोल चेक पोस्ट पर की गई, जहां ओडिशा से रायपुर आ रही श्री श्याम ट्रैवल्स की बस की चेकिंग के दौरान एक यात्री का बैग संदिग्ध लगा। तलाशी लेने पर उसके नीले पिट्ठू बैग से तीन प्लास्टिक के डिब्बों में रखे 600 जोड़ी चांदी के पायल बरामद हुए।
यात्री की पहचान कटक (ओडिशा) निवासी 58 वर्षीय राज किशोर शर्मा उर्फ राजू के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने बताया कि वह इन गहनों को रायपुर ले जा रहा था, लेकिन जब्त किए गए सामान के संबंध में कोई लिखित दस्तावेज या वैध बिल नहीं दिखा सका।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए चांदी के आभूषणों को धारा 106 के तहत जब्त कर लिया है और यात्री को धारा 94 बी.एन.एस. के तहत नोटिस जारी किया है। जब्त सामान की जानकारी आयकर विभाग और छत्तीसगढ़ के राजस्व सूचना निदेशालय को आगे की जांच एवं कार्रवाई के लिए भेज दी गई है।
यह घटना सिंघोड़ा थाना क्षेत्र के अंतर्गत दर्ज की गई है। पुलिस ने यह कार्रवाई अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की थी।