भोपाल: अन्ना नगर में कचरा प्लांट में लगी आग, 25 टन कचरा जलकर राख

अन्ना नगर स्थित गार्बेज ट्रांसफर स्टेशन में शनिवार देर रात भीषण आग लग गई, जो रविवार सुबह तक 8 घंटे बीतने के बाद भी पूरी तरह काबू में नहीं आ सकी।

आग की चपेट में करीब 25 टन कचरा जलकर राख हो गया, जबकि स्टेशन में रखे 150 टन रिसाइक्लिंग वाले कपड़ों के ढेर की वजह से आग तेजी से फैली। रिसाइक्लिंग यूनिट करीब एक महीने से बंद पड़ी हुई थी। आग किस वजह से लगी, इसकी वजह अभी तक स्पष्ट नहीं हो सकी है।

स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया क्योंकि यह प्लांट मुख्य सड़क से महज 10 मीटर की दूरी पर स्थित है। आसपास रहने वाले लोग रातभर जागते रहे और इलाके में दहशत का माहौल बना रहा।

निगम अधिकारियों ने रात में ही मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। पुलिस बल भी तैनात किया गया ताकि कोई अप्रिय घटना न हो।

50 से ज्यादा दमकलें लगीं रेस्क्यू में

भोपाल नगर निगम के सभी 11 फायर स्टेशनों से दमकलें और पानी के टैंकर मौके पर पहुंचे। गोविंदपुरा, फतेहगढ़, बैरागढ़, कोलार, गांधीनगर सहित सभी स्टेशनों की दमकलें आग बुझाने में जुटी रहीं। अब तक 50 से अधिक दमकल-टैंकरों द्वारा भारी मात्रा में पानी डाला जा चुका है, फिर भी आग पूरी तरह बुझ नहीं पाई है। रविवार सुबह 8 बजे तक भी स्टेशन के कुछ हिस्सों में आग की लपटें उठ रही थीं।