डौंडीलोहारा थाना क्षेत्र के खैरीडीह गांव में शुक्रवार रात करीब 10 बजे तेज रफ्तार कार और बाइक की जोरदार टक्कर में तीन युवक मारे गए। हादसे की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और तीनों युवकों के शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गए।
मृतकों की पहचान तरुण यादव (20), राहुल सेवता (20) और नरेंद्र भुआर्या (21) के रूप में हुई है। तरुण और राहुल सिर्राभाठा के रहने वाले थे, जबकि नरेंद्र मुड़खुसरा गांव का निवासी था।
पुलिस के अनुसार, तीनों दोस्त बाइक पर सिर्राभाठा से डौंडीलोहारा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान राजनांदगांव की ओर आ रही तेज रफ्तार कार (CG 04 QB 5621) ने उनकी बाइक को सीधे सामने से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों युवक सड़क पर दूर तक फेंके गए। हादसे में तरुण का एक हाथ शरीर से अलग हो गया, राहुल का पैर कटकर करीब 50 मीटर दूर खेत में जा गिरा, जबकि नरेंद्र के शरीर पर गहरी चोटें आईं।
मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तीनों युवकों को बचाया नहीं जा सका। दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि राहुल ने अस्पताल में दम तोड़ा। राहुल का कटा हुआ पैर शनिवार सुबह ग्रामीणों को मिला।
डौंडीलोहारा थाना प्रभारी सुनील तिर्की ने बताया कि हादसा तेज रफ्तार और लापरवाही से ड्राइविंग के कारण हुआ प्रतीत होता है। कार सवार दल्लीराजहरा से राजनांदगांव लौट रहे थे। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि युवक या कार चालक नशे में थे या नहीं।
पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमॉर्टम पूरा होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे। मामले में कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।