दिल्ली में हाई अलर्ट, भाजपा मुख्यालय पर आतंकी हमले की आशंका

राष्ट्रीय राजधानी में संभावित आतंकी हमले की सूचना मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने हाई अलर्ट जारी कर दिया है। इंटेलिजेंस एजेंसियों की चेतावनी के आधार पर दिल्ली पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बलों ने भाजपा मुख्यालय तथा आसपास के सरकारी परिसरों में सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त कर दिया है।

सूत्रों के अनुसार, आतंकवादी आत्मघाती हमला, वाहन बम विस्फोट, गोलीबारी या आईईडी ब्लास्ट जैसी किसी भी बड़ी वारदात को अंजाम देने की कोशिश कर सकते हैं। खासतौर पर दीन दयाल उपाध्याय मार्ग स्थित भाजपा कार्यालय को संभावित निशाने के रूप में देखा जा रहा है।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम

खतरे को देखते हुए इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल और अर्धसैनिक बलों की तैनाती की गई है। प्रमुख इमारतों के आसपास बैरिकेडिंग बढ़ाई गई है और आने-जाने वाले वाहनों की रैंडम चेकिंग शुरू कर दी गई है। सीसीटीवी कैमरों की निगरानी को भी और प्रभावी बनाया गया है। कंट्रोल रूम से लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

बम निरोधक दस्ते (बॉम्ब डिस्पोजल स्क्वाड), स्निफर डॉग यूनिट्स और क्विक रिएक्शन टीमों (QRT) को पूरी तरह अलर्ट मोड पर रखा गया है। दिल्ली फायर सर्विस को भी किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा गया है।