शाहपुर पुलिस चौकी क्षेत्र में शराब माफिया की बेरहमी से पिटाई के बाद रविवार को दूसरे घायल युवक ने भी इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। अवैध शराब बेचने के संदेह में माफिया ने दोनों युवकों को बुरी तरह पीटा था। पहले युवक की मौत शनिवार को ही हो गई थी।
सूचना पर एसडीएम, सीएसपी समेत पुलिस और प्रशासन के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों को निष्पक्ष जांच और आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिलाया। समझाइश के बाद जाम खोला गया।
पुलिस ने इस मामले में 5 नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या, मारपीट समेत अन्य गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है। आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। स्थिति को देखते हुए शाहपुर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में अवैध शराब का कारोबार लंबे समय से चल रहा है और पुलिस की मिलीभगत से माफिया के हौसले बुलंद हैं। परिजनों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।