केंद्र सरकार ने सोने और चांदी के अनावश्यक आयात को हतोत्साहित करने तथा व्यापार घाटे को नियंत्रित करने के लिए इनकी आयात पर शुल्क को 6 प्रतिशत से बढ़ाकर 15 प्रतिशत कर दिया है। इस फैसले के तुरंत बाद बुधवार को घरेलू और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में दोनों कीमती धातुओं के भावों में तेज उछाल दर्ज किया गया।
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोने के जून अनुबंध में भारी तेजी देखी गई। यह अनुबंध 1,409 रुपये की बढ़त के साथ 1,54,851 रुपये प्रति 10 ग्राम पर खुला और कारोबार के दौरान 9,939 रुपये की मजबूत उछाल के साथ 1,63,381 रुपये पर पहुंच गया। दिन के दौरान इसने 1,64,497 रुपये का उच्चतम स्तर भी छुआ।
चांदी के भावों में भी जोरदार रैली दर्ज की गई। MCX पर जुलाई अनुबंध 11,162 रुपये की बढ़त के साथ 2,80,229 रुपये प्रति किलोग्राम पर खुला। थोड़ी देर बाद यह 17,777 रुपये की उछाल के साथ 2,96,839 रुपये पर पहुंच गया। इस दौरान चांदी ने 3,01,429 रुपये का उच्च स्तर छुआ और पहली बार 3 लाख रुपये प्रति किलोग्राम के आंकड़े को पार कर लिया।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सकारात्मक रुख बना रहा। कॉमेक्स पर सोना 15.90 डॉलर की बढ़त के साथ 4,702.60 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था, जबकि चांदी 1.63 डॉलर मजबूत होकर 87.22 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई।