भोपाल के गौतम नगर इलाके में 9 मई को एक होटल में हिंदू युवती के साथ मिले मुस्लिम युवक की पिटाई और उसके साथ अपमानजनक व्यवहार का वीडियो वायरल होने के बाद मंगलवार को शहर में तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई। मुस्लिम समाज के हजारों लोगों ने ताजुल मस्जिद, पीरगेट और इमामी गेट क्षेत्र में प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प हुई, जिसके बाद आंसू गैस का इस्तेमाल किया गया।
प्रदर्शनकारी पुलिस कमिश्नर से मुलाकात कर आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे थे। रात करीब 8:30 बजे प्रदर्शन फिर से भड़क उठा, जिसमें पुलिस पर पथराव भी हुआ। मोती मस्जिद क्षेत्र में एक पुलिस वाहन के शीशे क्षतिग्रस्त हो गए। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े। पुराने शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए धारा 144 लागू कर दी गई है।
युवती का बयान
पुलिस पूछताछ में युवती ने बताया कि वह पिछले पांच साल से आरोपी आरिफ खान के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही है। दोनों होटल में इसलिए मिलने गए थे क्योंकि उनके रहने वाले स्थान पर बाहरी लोगों को आने की अनुमति नहीं है। युवती ने किसी भी जबरदस्ती से इनकार किया और युवक के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं चाहती।
पुलिस की कार्रवाई
पुलिस कमिश्नर संजय सिंह ने बताया कि प्रदर्शन के दौरान हंगामा और पथराव करने वाले एक दर्जन से अधिक लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। वीडियो फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारियां की जाएंगी। तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है।
गोविंदपुरा थाना प्रभारी ने बताया कि वीडियो में धार्मिक भावनाएं भड़काने और सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाले दो आरोपियों को हिरासत में लिया गया है। रोहित सिंह, बृजेंद्र प्रजापति, जीतू कुशवाह, रंजीत सूर्यवंशी, लाला राम मीणा समेत अन्य आरोपियों को चिन्हित कर लिया गया है। मामले में संबंधित धाराएं बढ़ा दी गई हैं। एक नाबालिग आरोपी को बाल संप्रेषण गृह भेजा जाएगा।
हिंदू संगठनों का पक्ष
हिंदू उत्सव समिति और संस्कृति बचाओ मंच के अध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी ने कहा कि शहर काजी को पहले लव जिहाद जैसी घटनाओं पर सख्त रुख अपनाना चाहिए था। उन्होंने भोपाल का माहौल खराब न करने की अपील की।
वर्तमान स्थिति
शाहजहांनाबाद संभाग के एसीपी अनिल वाजपेयी ने बताया कि फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। लोगों को घर भेज दिया गया है और पुराने शहर में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है। पुलिस पूरे मामले पर सतर्क नजर रखे हुए है।