PM की ईंधन संयम अपील के बावजूद MP में BJP नेताओं की वाहन रैलियां, 9 में से सिर्फ 2 पर कार्रवाई

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 10 मई को डीजल-पेट्रोल का संयमित उपयोग करने और पब्लिक ट्रांसपोर्ट अपनाने की अपील के बावजूद मध्य प्रदेश में कई BJP नेता वाहन रैलियां निकाल रहे हैं। प्रदेशभर से 8 जगहों पर काफिलों के साथ शक्ति प्रदर्शन की तस्वीरें सामने आई हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपील के बाद अपने काफिले से 5 वाहन कम किए हैं। दोनों उपमुख्यमंत्री और कई मंत्रियों ने भी काफिला घटाया है। लेकिन दर्जा प्राप्त मंत्री समेत कई अन्य नेता PM की अपील को नजरअंदाज करते दिखे।

मामला तूल पकड़ने के बाद पार्टी ने कुछ जगह कार्रवाई की है। हंगामे के बाद भिंड जिला किसान मोर्चा अध्यक्ष को पद से हटा दिया गया। वहीं पाठ्यपुस्तक निगम अध्यक्ष सौभाग्य सिंह ठाकुर को नोटिस जारी कर उनके अधिकार छीन लिए गए हैं।

अब तक ऐसे 9 मामले उजागर हुए हैं जहां PM की अपील के बाद भी नेताओं ने गाड़ियों का काफिला निकाला। इन 9 मामलों में सिर्फ 1 नेता की नियुक्ति निरस्त की गई और 1 को नोटिस मिला है। बाकी 7 नेताओं पर कोई कार्रवाई नहीं हुई, उन्हें छूट मिली है।

विपक्ष ने इस पर सवाल उठाए हैं। कांग्रेस का कहना है कि PM की बात को उनकी ही पार्टी के नेता गंभीरता से नहीं ले रहे। कार्रवाई में भी भेदभाव किया जा रहा है। वहीं BJP संगठन का कहना है कि सभी से संयम बरतने को कहा गया है और नियम तोड़ने वालों पर नजर रखी जा रही है।