ग्वालियर: मुरार में नवविवाहिता ने की आत्महत्या, शादी को मात्र 25 दिन

मुरार थाना क्षेत्र के हुरावली लिंक रोड स्थित गेरू वाला बंगला के पास बुधवार दोपहर एक 23 वर्षीय नवविवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की शादी मात्र 25 दिन पहले हुई थी और वह शादी के तुरंत बाद से मायके में रह रही थी। मृतका की पहचान मेघा उर्फ ज्योति के रूप में हुई है। वह पिंटो पार्क कुंज विहार कॉलोनी निवासी सिद्धार्थ कांदिल की पत्नी थी। दोनों की शादी 1 मई को हुई थी। शादी के उसी दिन मेघा ससुराल से मायके चली आई थी और तब से लगातार वहीं रह रही थी।

मां ने कमरे में लटकते पाया

घटना के दिन मेघा के पिता रिश्तेदार की गमी में शामिल होने गए हुए थे। इसी दौरान उसकी मां गीता कमरे में गईं तो बेटी को फंदे से लटकते देखा। परिजनों ने तुरंत उसे नीचे उतारा और जयारोग्य अस्पताल (जेएएच) पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की, लेकिन कमरे से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ। इस कारण आत्महत्या के पीछे का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है और मामला संदिग्ध माना जा रहा है।

मोबाइल की जांच में जुटी पुलिस

मुरार पुलिस ने मृतका का मोबाइल जब्त कर लिया है। उसकी कॉल डिटेल्स, चैट और अन्य जानकारी की जांच की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि इससे घटना के कारणों का पता चल सकता है।

पुलिस ने बताया कि मायके और ससुराल दोनों पक्षों के बयानों को दर्ज किया जाएगा। अभी तक किसी भी पक्ष से प्रताड़ना या किसी अन्य शिकायत की कोई जानकारी सामने नहीं आई है।

मृतका का शव पोस्टमार्टम के लिए जेएएच मॉर्चरी में रखवाया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। सीएसपी मुरार अतुल कुमार सोनी ने कहा कि सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है और मौत के सही कारणों का पता लगाने का प्रयास जारी है।