मोदी के साथ वायरल झालमुड़ी वाले को पाक-बांग्लादेश से मौत की धमकियां

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को झालमुड़ी परोसने वाले दुकानदार विक्रम साव को विदेशी नंबरों से जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं। भाजपा की ऐतिहासिक जीत और राज्य में नई सरकार बनने के बाद इन धमकियों ने स्थानीय स्तर पर सनसनी फैला दी है।

मामला 19 अप्रैल का है, जब पीएम मोदी झारग्राम क्षेत्र में चुनावी रैली के दौरान विक्रम साव की दुकान पर रुके थे। उन्होंने वहां विक्रम से झालमुड़ी ली और संक्षिप्त बातचीत भी की। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था। पीएम ने झालमुड़ी के बदले 10 रुपये का नोट दिया, जिसे विक्रम ने यादगार के तौर पर संभालकर रखने की बात कही थी।

मूल रूप से बिहार के गया जिले के रहने वाले विक्रम साव इस घटना के बाद रातोंरात चर्चा में आ गए। भाजपा की जीत के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं ने कई जगहों पर जश्न के रूप में झालमुड़ी बांटकर इस घटना को याद किया।

हालांकि, अब लोकप्रियता की इस चर्चा के बीच विक्रम साव को पाकिस्तान और बांग्लादेश से फोन कॉल्स के जरिए मौत की धमकियां मिलनी शुरू हो गई हैं। इन कॉल्स से विक्रम और उनके परिवार में दहशत का माहौल है।

स्थानीय पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया है। अधिकारियों ने विक्रम साव से शिकायत दर्ज कर सभी फोन नंबरों और कॉल डिटेल्स की जानकारी ली है। पुलिस ने धमकी भरे कॉल्स की गहन जांच शुरू कर दी है और विक्रम की सुरक्षा बढ़ाने पर भी विचार कर रही है।