बलूचिस्तान में जाफर एक्सप्रेस पर आत्मघाती हमला, 24 मौतें

पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत की राजधानी क्वेटा के चमन फाटक इलाके में रविवार सुबह जाफर एक्सप्रेस ट्रेन के एक शटल पर भीषण आत्मघाती हमला हुआ। इस विस्फोट में कम से कम 24 लोग मारे गए जबकि 82 अन्य घायल हो गए। हमले में ट्रेन की एक बोगी पूरी तरह नष्ट हो गई और कई अन्य बोगियां पटरी से उतर गईं।

पुलिस और रेलवे अधिकारियों के अनुसार, क्वेटा कैंटोनमेंट से रवाना हुई यह ट्रेन ईद की छुट्टियों में घर लौट रहे सुरक्षा बलों के जवानों और उनके परिवार के सदस्यों को ले जा रही थी। सुबह करीब 8 बजे चमन फाटक के पास जब ट्रेन गुजर रही थी, तभी एक आत्मघाती हमलावर ने विस्फोटक भरी वाहन को ट्रेन से टकरा दिया। धमाके की तीव्रता इतनी अधिक थी कि आसपास की इमारतों की खिड़कियां चकनाचूर हो गईं, कई वाहन क्षतिग्रस्त हुए और आग की लपटें उठने लगीं।

प्रारंभिक जांच में पता चला है कि हमलावर ने 70 किलोग्राम से अधिक विस्फोटक का इस्तेमाल किया था। मृतकों और घायलों में ज्यादातर सुरक्षा कर्मी, महिलाएं और बच्चे शामिल हैं। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिससे मृतकों की संख्या और बढ़ सकती है।

बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (BLA) के मजीद ब्रिगेड ने हमले की जिम्मेदारी ली है। समूह ने इसे फिदाई हमला बताते हुए दावा किया कि निशाना पाकिस्तानी सेना के जवान थे। सुरक्षा बलों ने तुरंत इलाके को घेर लिया और बचाव कार्य शुरू कर दिया। घायलों को अस्पताल पहुंचाया जा रहा है, जबकि रेलवे ने सुरक्षा कारणों से इस रूट की ट्रेन सेवाएं अस्थायी रूप से प्रभावित कर दी हैं।

यह हमला बलूचिस्तान में जारी अस्थिर सुरक्षा स्थिति को एक बार फिर उजागर करता है। जाफर एक्सप्रेस पहले भी कई बार अलगाववादी हमलों का शिकार हो चुकी है। पाकिस्तानी अधिकारियों ने हमले की निंदा करते हुए इसे कायरतापूर्ण आतंकवादी कार्रवाई बताया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।