RCB ने लगातार दूसरी बार IPL 2026 जीता

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने आईपीएल 2026 का खिताब जीतकर इतिहास रच दिया। टीम ने नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में गुजरात को पराजित कर लगातार दूसरी बार ट्रॉफी अपने नाम की।

आरसीबी ने पहले गेंदबाजी का बेहतरीन प्रदर्शन किया और फिर लक्ष्य का आराम से पीछा करते हुए जीत दर्ज की। तेज गेंदबाज रसिक सलाम डार की घातक गेंदबाजी और विराट कोहली की नाबाद अर्धशतकीय पारी मैन ऑफ द मैच रही।

गुजरात की टीम पहले बल्लेबाजी करने उतरी लेकिन उसकी शुरुआत बेहद खराब रही। कप्तान शुभमन गिल सिर्फ 10 रन बनाकर आउट हो गए, जबकि साई सुदर्शन भी 12 रन ही जोड़ सके। मध्यक्रम में भी बल्लेबाजों को बड़ी पारी खेलने का मौका नहीं मिला। निशांत सिंधु ने 20 और जोस बटलर ने 19 रन बनाए। वॉशिंगटन सुंदर ने अंत तक संघर्ष करते हुए नाबाद 50 रन बनाकर टीम को 155 रन तक पहुंचाया।

आरसीबी की गेंदबाजी के सामने गुजरात की पूरी पारी लड़खड़ा गई। रसिक सलाम डार ने 3 विकेट चटकाए, जबकि भुवनेश्वर कुमार और जोश हेजलवुड ने 2-2 विकेट लिए। क्रुणाल पंड्या को एक सफलता मिली।

156 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए आरसीबी ने आक्रामक शुरुआत की। वेंकटेश अय्यर ने 16 गेंदों पर 32 रन की तेज पारी खेली। देवदत्त पडिक्कल और रजत पाटीदार सस्ते में निपट गए, लेकिन विराट कोहली ने एक छोर संभाल रखा। राशिद खान ने दो विकेट लेकर गुजरात को मैच में वापसी का मौका दिया, पर कोहली ने संयम के साथ बल्लेबाजी करते हुए नाबाद अर्धशतक जड़ दिया और टीम को आसानी से जीत दिला दी।