दिल्ली के आईटीओ स्थित एसपीए भवन में भीषण आग, धुएं से मचा हड़कंप

राजधानी दिल्ली के आईटीओ क्षेत्र में स्थित स्कूल ऑफ प्लानिंग एंड आर्किटेक्चर (एसपीए) की इमारत में सोमवार सुबह आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग भवन की दूसरी मंजिल पर लगी, जहां शिक्षा मंत्रालय से जुड़े कुछ कार्यालय भी चल रहे हैं।

सूचना मिलते ही दिल्ली फायर सर्विस की टीम ने तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी। सुबह करीब 9:37 बजे आग की सूचना प्राप्त होने के बाद दमकल विभाग ने आठ दमकल गाड़ियां मौके पर भेजीं। मकलकर्मियों ने पहुंचकर आग बुझाने और बचाव अभियान शुरू कर दिया। इमारत से निकलते घने काले धुएं ने आसपास हड़कंप मचा दिया। सुरक्षा के लिहाज से आसपास के इलाके को खाली करा लिया गया।

अभी तक किसी के हताहत या घायल होने की कोई खबर नहीं है। दमकल अधिकारियों ने बताया कि आग पर काबू पाने की कोशिशें तेजी से जारी हैं। आग के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। दमकल विभाग के मुताबिक, आग पूरी तरह काबू में आने के बाद विशेषज्ञ टीम घटनास्थल का निरीक्षण करेगी और कारणों की जांच की जाएगी।