जुहू इलाके में बॉलीवुड अभिनेत्री रवीना टंडन की मां के घर से करीब 25 लाख रुपये की जेवरात और महंगी घड़ियां चोरी होने के मामले में जुहू पुलिस ने 47 वर्षीय राशि छाबड़िया नाम की एक महिला को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी महिला पिछले कई वर्षों से परिवार के संपर्क में थी और वर्ष 2020 से रवीना टंडन की मां की देखभाल के लिए नियमित रूप से उनके घर आती-जाती थी। इसी दौरान उसने परिवार का पूरा भरोसा जीत लिया और घर में उसकी स्वतंत्र आवाजाही बढ़ गई। पुलिस जांच में पता चला कि आरोपी ने इसी विश्वास का फायदा उठाकर घर की तिजोरी से सोने-हीरे के आभूषणों के साथ दो महंगी घड़ियां चुरा लीं।
जब परिवार को कीमती सामान के गायब होने का पता चला तो उन्होंने पहले खुद पूछताछ शुरू की। इस दौरान राशि छाबड़िया से भी सवाल किए गए, जिसमें उसने चोरी से इनकार किया। हालांकि बाद में सबूत सामने आने पर उसका बयान बदल गया।
रवीना टंडन के परिवार ने इस घटना की शिकायत जुहू पुलिस स्टेशन में दर्ज कराई, जिसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने छाबड़िया के कब्जे से चोरी गई कुछ महंगी घड़ियां बरामद कर ली हैं, जबकि बाकी जेवरात की तलाश जारी है।
जुहू पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि चुराए गए सामान का कुछ हिस्सा कहां बेचा या छिपाया गया है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि क्या आरोपी ने पहले भी किसी अन्य परिवार के साथ ऐसी घटना को अंजाम दिया है।