घरेलू बाजार में सोने की मजबूती जारी, चांदी में आई गिरावट 

मंगलवार को घरेलू वायदा बाजार में सोना अपनी मजबूत चाल पर कायम रहा, जबकि चांदी सुस्त पड़ी और नरमाई के साथ कारोबार कर रही थी। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोने के अगस्त अनुबंध में तेजी देखी गई, वहीं चांदी के जुलाई अनुबंध में गिरावट दर्ज की गई।

MCX पर सोने का अगस्त कॉन्ट्रैक्ट 208 रुपये की बढ़त के साथ 1,59,449 रुपये प्रति 10 ग्राम पर खुला। पिछले सत्र के बंद भाव 1,59,241 रुपये की तुलना में यह सकारात्मक रुख बनाए हुए था। खबर लिखे जाने तक यह 142 रुपये की तेजी के साथ 1,59,383 रुपये पर कारोबार कर रहा था। कारोबार के दौरान इसने 1,59,499 रुपये का उच्चतम और 1,59,255 रुपये का निचला स्तर छुआ। इस साल सोने ने 1,80,779 रुपये का सर्वकालिक उच्च स्तर बनाया है।

चांदी की बात करें तो जुलाई अनुबंध शुरुआती कारोबार में 39 रुपये की मामूली तेजी के साथ 2,66,202 रुपये प्रति किलोग्राम पर खुला था, लेकिन बाद में इसमें गिरावट आई। मौजूदा समय में यह 413 रुपये टूटकर 2,65,750 रुपये पर पहुंच गया। दिन के दौरान इसका उच्चतम स्तर 2,66,350 रुपये और निचला स्तर 2,65,685 रुपये रहा। इस साल चांदी 4,20,048 रुपये प्रति किलोग्राम के रिकॉर्ड स्तर तक पहुंच चुकी है।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में सकारात्मक रुख

अंतरराष्ट्रीय बाजार में दोनों कीमती धातुओं में मजबूती का रुख बना रहा। COMEX पर सोना 4,515.80 डॉलर प्रति औंस पर खुला और 12.40 डॉलर की बढ़त के साथ 4,518.70 डॉलर पर पहुंच गया। इस साल सोने का उच्चतम स्तर 5,586.20 डॉलर रहा है।

इसी प्रकार COMEX पर चांदी 75.15 डॉलर प्रति औंस पर खुली और 0.27 डॉलर की तेजी के साथ 75.52 डॉलर पर कारोबार कर रही थी। इस साल चांदी ने 121.79 डॉलर का सर्वोच्च स्तर छुआ था।