शाजापुर जिले के सुनेरा थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात नेशनल हाईवे-52 पर एक गंभीर सड़क दुर्घटना हो गई। मजदूरों से भरी बस ने आगे चल रहे लकड़ी से लदे ट्रक को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में बस चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 18 यात्री घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, कमला बस में करीब 50-60 मजदूर सवार थे। ये सभी इंदौर के सांवेर क्षेत्र में ईंट भट्ठों पर काम करने के बाद उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले के अपने गांवों की ओर लौट रहे थे। रात करीब 1 बजे महाकाल ढाबे के पास यह दुर्घटना हुई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
मरने वाले चालक की पहचान मनोहर सिंह (निवासी अशोकनगर) के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही सुनेरा पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में भर्ती घायलों में दो गर्भवती महिलाएं भी शामिल हैं। डॉक्टरों ने बताया कि सभी घायलों की हालत स्थिर है और उनका इलाज चल रहा है।
ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। हादसे के बाद सड़क पर लकड़ी के गुटके बिखर गए। स्थानीय लोगों का आरोप है कि बाद में कुछ लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर पहुंचे और बिखरी लकड़ी को उठाकर ले गए। इस मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और फरार ट्रक चालक की तलाश की जा रही है।
घायलों की सूची:
रूपेंद्र, राजेश, देवेंद्र, अर्चना, आशा, धर्मेंद्र, किशन, सूत्वती, प्रेमबाई, पालक, माधुरी, रामगोपाल, प्रदीप, अंगूरी, हरिराम, मिथुन, मीना, रमाशंकर