मोरेना के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के नेशनल हाईवे-44 पर वन विभाग की अस्थाई चौकी में शनिवार सुबह एक तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर घुस गया। इस दुर्घटना में ड्यूटी पर तैनात एक वनरक्षक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि अन्य 11 जवान भागकर बाल-बाल बचे।
घटना के अनुसार, सुबह के समय वन विभाग और एसएएफ के कुल 12 जवान चौकी पर ड्यूटी दे रहे थे। सभी जवान बाहर कुर्सियों पर बैठे हुए थे। इसी दौरान हरियाणा नंबर (HR 38 Z 0324) वाले ट्रक ने अचानक नियंत्रण खो दिया और सीधे चौकी की ओर दौड़ पड़ा। ट्रक को देखते ही जवान भाग निकले, लेकिन वनरक्षक गोपेंद्र पाल बच नहीं पाए और ट्रक उनकी कुर्सियों पर चढ़ गया। घायल वनरक्षक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
यह अस्थाई चौकी हाईवे के मध्य डिवाइडर पर अवैध रेत परिवहन और रेत माफियाओं की निगरानी के लिए बनाई गई है। चौकी के ठीक सामने एक ऑयल फैक्ट्री होने के कारण ट्रक अक्सर सड़क किनारे खड़े किए जाते हैं, जिससे ट्रैफिक चौकी की तरफ मुड़ने को मजबूर होता है और हादसों का खतरा बढ़ जाता है।
वन विभाग के देवरी अधीक्षक श्याम सिंह चौहान ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि यह स्थान वाकई जोखिम भरा है, लेकिन अवैध रेत परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए चेकिंग जरूरी है। उन्होंने कहा कि फैक्ट्री से आने-जाने वाले वाहनों के कारण लगने वाले जाम को देखते हुए स्थायी समाधान के लिए उच्च अधिकारियों से बात की जाएगी।