जर्मनी विश्व कप से बाहर, मार्टिनेली के गोल से ब्राजील अंतिम-16 में

फीफा विश्व कप 2026 के राउंड ऑफ-32 मुकाबलों में मंगलवार को बड़े उलटफेर देखने को मिले। चार बार की चैंपियन जर्मनी पैराग्वे के हाथों पेनल्टी शूटआउट में हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गई, जबकि ब्राजील ने आखिरी क्षणों में गोल दागकर जापान को मात दी। मोरक्को ने भी नीदरलैंड्स को पेनल्टीज में रोका।

पैराग्वे ने जर्मनी को दिया झटका

जर्मनी और पैराग्वे के बीच मुकाबला 1-1 से बराबर रहा। एक्स्ट्रा टाइम में जर्मनी का एक गोल विवादास्पद फैसले के बाद रद्द कर दिया गया। पेनल्टी शूटआउट में पैराग्वे 4-3 से जीत गया। जोस कनाले की निर्णायक किक ने दक्षिण अमेरिकी टीम को अंतिम-16 में पहुंचा दिया।

ब्राजील की रोमांचक जीत

ब्राजील ने जापान के खिलाफ 2-1 की जीत दर्ज की। मैच में जापान ने पहले गोल से बढ़त बनाई थी, लेकिन कासेमिरो ने बराबरी कर ली। इंजरी टाइम के छठे मिनट में गेब्रियल मार्टिनेली ने शानदार फिनिश के साथ विजयी गोल कर ब्राजील को राहत दी। मार्टिनेली सब्स्टीट्यूट के तौर पर मैदान पर उतरे थे।इस जीत के साथ पांच बार के चैंपियन ब्राजील अंतिम-16 में पहुंच गए हैं। अगला मुकाबला आइवरी कोस्ट या नॉर्वे के साथ होगा।

मोरक्को का कमाल

एक अन्य मैच में मोरक्को ने नीदरलैंड्स को 1-1 के स्कोर के बाद पेनल्टी शूटआउट में 3-2 से हराया। इससे अफ्रीकी टीम ने भी अगले दौर में जगह पक्की कर ली।