अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरों में बढ़ोतरी की बढ़ती संभावनाओं ने मंगलवार को वैश्विक और भारतीय बाजारों में कीमती धातुओं पर जोरदार दबाव बनाया। सुरक्षित निवेश के रूप में माने जाने वाले सोने और चांदी के भावों में तेजी से गिरावट दर्ज की गई।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना प्रति औंस 4,000 डॉलर के महत्वपूर्ण मनोवैज्ञानिक स्तर के नीचे फिसल गया। न्यूयॉर्क के कॉमेक्स एक्सचेंज पर सोने का वायदा भाव 66.10 डॉलर की गिरावट के साथ 3,972.80 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया। इससे पहले इसका पिछले सत्र का बंद भाव 4,038.90 डॉलर था।
घरेलू मोर्चे पर मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर भी दोनों धातुओं के वायदा भाव धराशायी हो गए। अगस्त अनुबंध के लिए सोने का भाव 1,802 रुपये टूटकर 1,40,600 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया। कारोबार के दौरान इसने 1,40,450 रुपये का निचला स्तर भी छुआ।