सोने-चांदी की कीमतों में जोरदार नरमी, MCX पर सोना 1.16% नीचे

अमेरिका-ईरान के बीच बढ़ते तनाव और अमेरिकी फेडरल रिजर्व की सख्त मौद्रिक नीति की आशंकाओं से घरेलू एवं अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने-चांदी की कीमतों पर दबाव बना हुआ है। सोमवार को एमसीएक्स पर दोनों धातुओं के वायदा भाव सुस्त शुरुआत के साथ कारोबार कर रहे हैं।

एमसीएक्स पर सोने का अगस्त वायदा अनुबंध 845 रुपये की गिरावट के साथ 1,42,633 रुपये प्रति 10 ग्राम पर खुला। पिछले सत्र के बंद भाव 1,43,478 रुपये थे। खबर लिखे जाने तक यह अनुबंध 1,658 रुपये की गिरावट के साथ 1,41,820 रुपये के स्तर पर पहुंच गया। इस दौरान इसने 1,43,633 रुपये का उच्चतम और 1,41,557 रुपये का निम्नतम स्तर छुआ।

चांदी के सितंबर वायदा अनुबंध की भी सुस्त शुरुआत रही। यह 4,016 रुपये की गिरावट के साथ 2,18,648 रुपये प्रति किलोग्राम पर खुला, जबकि पिछला बंद भाव 2,22,664 रुपये था। कारोबार के दौरान यह 4,889 रुपये टूटकर 2,17,775 रुपये पर आ गया। इसने 2,18,667 रुपये का ऊपरी और 2,17,277 रुपये का निचला स्तर दर्ज किया।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी कमोडिटी एक्सचेंज (कॉमेक्स) पर सोने के भाव में नरमी दिख रही है। सोना 4,106.60 डॉलर प्रति औंस पर खुला, जबकि पिछले बंद भाव 4,113.70 डॉलर थे। बाद में यह 38.10 डॉलर की गिरावट के साथ 4,075.60 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया।