जापान के दक्षिणी क्यूशू क्षेत्र में मंगलवार शाम को एक शक्तिशाली भूकंप ने पूरे इलाके को हिला दिया। जापान मौसम विज्ञान एजेंसी के मुताबिक, कुमामोटो प्रांत में 7.1 तीव्रता का यह भूकंप स्थानीय समयानुसार शाम करीब 4:27 बजे आया। भूकंप का केंद्र उकी शहर के पास था और यह मात्र 10 किलोमीटर की गहराई पर था।
भूकंप की तीव्रता इतनी अधिक थी कि स्थानीय शिंदो स्केल पर कई जगहों पर 7 अंक दर्ज किया गया, जो सबसे ऊंचा स्तर माना जाता है। आसपास के कई प्रांतों में भी जोरदार झटके महसूस किए गए, जिससे लोग डर के मारे घरों से बाहर निकल आए।
सुनामी का खतरा
भूकंप के बाद अरियाके और यात्सुशिरो समुद्र के तटीय इलाकों के लिए 1 मीटर तक की ऊंचाई वाली सुनामी लहरों का अलर्ट जारी किया गया। लोगों को तुरंत समुद्र किनारे से दूर सुरक्षित जगहों पर जाने की सलाह दी गई। थोड़ी देर बाद यह चेतावनी वापस ले ली गई।
नुकसान की स्थिति
अभी तक किसी बड़े नुकसान या जान-माल की हानि की कोई पुष्टि नहीं हुई है। हालांकि, कुमामोटो क्षेत्र में करीब 45,000 घरों की बिजली चली गई। रेल सेवाएं, खासकर हाई-स्पीड बुलेट ट्रेनें, सुरक्षा जांच के लिए अस्थायी रूप से रोक दी गईं। परमाणु संयंत्रों में कोई समस्या रिपोर्ट नहीं हुई।
सरकार ने कुमामोटो समेत आसपास के सात प्रांतों में आपातकालीन अलर्ट जारी किया है। प्रधानमंत्री ने लोगों से सतर्क रहने और आफ्टरशॉक्स की आशंका को देखते हुए सावधानी बरतने की अपील की है।