राहुल गांधी ने कार की टंकी खोलकर E20 पर हमला बोला, कहा- पूरी दाल ही काली है

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने शुक्रवार को ई-20 पेट्रोल को लेकर सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने एक्स प्लेटफॉर्म पर एक वीडियो जारी किया, जिसमें वे कार की पेट्रोल टंकी का ढक्कन खोलते और अंदर देखते नजर आए।

लगभग 53 सेकंड के इस वीडियो में राहुल गांधी ने कहा कि ई-20 एक बड़ा मुद्दा है। उन्होंने कहा, “आमतौर पर हम कहते हैं दाल में काला है, लेकिन यहां पूरी दाल ही काली है। देश में भ्रष्टाचार के कई मामले हैं और ई-20 उनमें से एक है। इससे लोगों की कारें और स्कूटर खराब हो रहे हैं। हम इसे बड़े पैमाने पर उठाएंगे क्योंकि यह वाहनों को नुकसान पहुंचा रहा है, लोगों की जिंदगी प्रभावित कर रहा है और सीधे उनकी जेब काट रहा है।”

उन्होंने आरोप लगाया कि एथेनॉल मिश्रित इस ईंधन से इंजन की उम्र कम हो रही है और माइलेज गिर रहा है। कांग्रेस इस मसले को अभियान के रूप में आगे बढ़ाएगी।

ई-20 को लेकर पिछले कुछ समय से सोशल मीडिया पर वाहन मालिक माइलेज में कमी, इंजन संबंधी दिक्कतें और मरम्मत खर्च बढ़ने की शिकायतें दर्ज करा रहे हैं। सरकार का कहना है कि यह ईंधन सुरक्षित है, प्रदूषण कम करता है, तेल आयात घटाता है और किसानों को लाभ पहुंचाता है। संसद में भी माइलेज में 2 से 6 प्रतिशत की संभावित कमी स्वीकार की गई है, लेकिन इंजन क्षति के दावों को खारिज किया गया है।