MP में मानसून का आखिरी दौर! भोपाल समेत 33 जिलों में बारिश

मध्य प्रदेश में मानसून के आखिरी दौर में फिर से सक्रियता देखने को मिल रही है। हाल के 24 घंटों में राजधानी भोपाल समेत प्रदेश के कई जिलों में बारिश हुई है। सागर जिले के देवरी क्षेत्र में सबसे ज्यादा करीब 2.4 इंच पानी दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 23 सितंबर से बारिश की तीव्रता बढ़ने वाली है। खासकर 24 और 25 सितंबर को सिस्टम सबसे मजबूत रहेगा। इन दो दिनों में प्रदेश के करीब 17 जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है। पूर्वी मध्य प्रदेश के जबलपुर, रीवा, शहडोल और सागर संभाग सबसे ज्यादा प्रभावित हो सकते हैं। भोपाल और नर्मदापुरम संभाग में भी इसका असर दिखने की उम्मीद है।

रविवार और सोमवार को भोपाल, विदिशा, सीहोर तथा आसपास के क्षेत्रों में बारिश हुई। भोपाल के कई इलाकों में रात के दौरान तेज बौछारें पड़ीं। नर्मदापुरम में भी हवा के साथ करीब 45 मिनट तक पानी गिरा। कुछ जगहों पर तेज हवा के कारण बिजली की आपूर्ति प्रभावित हुई।