जमुई में सख्ती! बैड टच के आरोपी पर पुलिस का एनकाउंटर, 6 पकड़े गए

बिहार के जमुई जिले में एक नाबालिग छात्रा के साथ हुई अभद्रता के मामले में मंगलवार सुबह मुख्य आरोपी के साथ पुलिस की मुठभेड़ हुई। भागने की कोशिश के दौरान पुलिस ने उसके पैर में गोली मार दी। दूसरे आरोपी का भी पैर जख्मी हो गया। दोनों को गिरफ्तार कर अस्पताल भेजा गया।

क्या हुआ था?

19 सितंबर की शाम मड़वा पहाड़ इलाके में 10वीं कक्षा की एक छात्रा और उसका दोस्त स्कूटी से लौट रहे थे। कुछ युवकों ने उन्हें रोक लिया। लड़की के साथ छेड़खानी और बैड टच किया गया, लड़के को भी मारा-पीटा गया। पूरी घटना करीब 20 मिनट चली। बाद में वीडियो सोशल मीडिया पर फैलने से मामला सामने आया।

पीड़ितों ने शुरू में डर के कारण शिकायत नहीं की थी। पुलिस ने वीडियो और वाहन नंबर के आधार पर पीड़ितों से संपर्क किया और उनका बयान दर्ज किया।

पुलिस की कार्रवाई

मामले में POCSO एक्ट समेत संबंधित धाराओं के तहत सात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई। विशेष जांच टीम गठित की गई। सोमवार को तीन आरोपी पकड़े गए। मंगलवार को मुख्य आरोपी नंदन यादव को गिरफ्तार करने गई टीम पर उसने हमला करने और भागने की कोशिश की। जवाबी कार्रवाई में उसके बाएं पैर में गोली लगी। साथ में मौजूद दूसरे आरोपी हरेराम यादव का भी पैर टूटा। दोनों को हिरासत में लेकर इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया। अभी तक कुल छह आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं। बाकी की तलाश जारी है।

वीडियो वायरल करने वालों पर भी एक्शन

बिना चेहरा धुंधला किए वीडियो शेयर करने वाले करीब 120 सोशल मीडिया अकाउंट्स के खिलाफ भी साइबर थाने में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस और प्रशासन ने स्पष्ट कहा है कि ऐसे मामलों में कोई नरमी नहीं बरती जाएगी। जांच तेजी से चल रही है।