इंदौर में दूध की शुद्धता जांच अभियान: 16 से अधिक जगहों पर रेपिड किट से टेस्ट

इंदौर शहर में शुद्ध दूध की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने एक विशेष अभियान शुरू किया है। ‘ट्रिपल टी – ट्रस्ट थ्रू टेस्टिंग’ नामक इस अभियान के तहत फूड सेफ्टी ऑन व्हील्स और रेपिड मिल्क टेस्टिंग किट का इस्तेमाल कर दूध विक्रेताओं, डेयरी संचालकों तथा फेरी वालों के दूध के नमूनों की तुरंत मौके पर जांच की गई।

शहर के विभिन्न इलाकों में 16 से ज्यादा जगहों पर यह कार्रवाई हुई। इसमें छह डेयरी इकाइयों और करीब 8 से 10 फेरी विक्रेताओं के दूध की जांच शामिल रही। अच्छी खबर यह है कि प्रारंभिक जांच में किसी भी नमूने में मिलावट के निशान नहीं मिले।

टीम ने एम्पायर रेजिडेंसी की श्री कृष्णा दूध डेयरी, पिपलियाहाना क्षेत्र की वृंदावन डेयरी और फार्मर्स मिल्ककार्ट, शीतल नगर की श्री जी दूध डेयरी, गंगा देवी नगर के कृष्णा मिल्क सेंटर तथा एमआर-10 पर स्थित महावीर दूध डेयरी का निरीक्षण किया। साथ ही सड़क किनारे दूध बेचने वाले कई फेरी वालों के दूध की भी रेपिड टेस्टिंग की गई।

अधिकारियों के अनुसार, अब रेपिड मिल्क टेस्टिंग किट के जरिए दूध की बुनियादी गुणवत्ता जांच मौके पर ही जल्दी की जा सकती है। इससे लैब भेजने से पहले ही प्रारंभिक नतीजे मिल जाते हैं। हालांकि विभाग ने स्पष्ट किया है कि ये नतीजे प्राथमिक स्तर के हैं। जरूरत पड़ने पर नियमों के मुताबिक विस्तृत प्रयोगशाला जांच भी कराई जाएगी।