शुक्रवार को सोने में भारी गिरावट, चांदी भी 2,530 रुपये नीचे

शुक्रवार को घरेलू बाजार में सोने के भाव में 1,571 रुपये और चांदी में 2,530 रुपये की गिरावट दर्ज की गई। यह गिरावट मुख्य रूप से ब्याज दरों में संभावित बढ़ोतरी की वजह से आई।

अमेरिका-ईरान तनाव के चलते थोक ऊर्जा कीमतों में उछाल से मुद्रास्फीति का दबाव बढ़ा है। इससे फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरें बढ़ाने की आशंका और मजबूत हुई है। उत्पादक मूल्य सूचकांक (पीपीआई) के आंकड़े जारी होने के बाद अगले सप्ताह 25 बेसिस अंक की दर वृद्धि की संभावना 61 फीसदी से बढ़कर करीब 71 फीसदी हो गई। इसी वजह से निवेशक सोना और चांदी से किनारा कर रहे हैं।

MCX पर सोने का अक्टूबर अनुबंध 1,217 रुपये की गिरावट के साथ 1,51,124 रुपये प्रति दस ग्राम पर कारोबार कर रहा था। सुबह यह अनुबंध पिछले बंद भाव 1,52,341 रुपये से 1,571 रुपये नीचे 1,50,770 रुपये पर खुला। दिनभर में इसका उच्च स्तर 1,51,175 रुपये और निम्न स्तर 1,50,695 रुपये रहा। इस साल सोने का वायदा भाव 1,80,779 रुपये के शिखर तक पहुंच चुका है।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोना और चांदी दोनों कमजोर रहे। खबर लिखे जाने तक कॉमेक्स पर सोना 48.90 डॉलर की गिरावट के साथ 4,358.40 डॉलर प्रति औंस पर था, जबकि पिछला बंद भाव 4,407.30 डॉलर रहा। सुबह यह 4,359.40 डॉलर पर खुला। इस साल कॉमेक्स पर सोना 5,586.20 डॉलर के सर्वोच्च स्तर तक गया था। चांदी 1.20 डॉलर नीचे 63.72 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रही थी।