मध्य प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने शनिवार को प्रदेश के 15 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। पश्चिमी और मध्य भाग के कई क्षेत्रों में अच्छी बारिश होने की संभावना जताई गई है।
15 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र भोपाल के अनुसार आज उज्जैन, धार, बड़वानी, खरगोन, खंडवा, देवास, हरदा, सागर, रायसेन, नर्मदापुरम, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, बालाघाट और छतरपुर में भारी वर्षा हो सकती है। इन जिलों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश के आसार हैं।
भोपाल, इंदौर, रतलाम, सीहोर, राजगढ़, विदिशा, मंदसौर और नीमच सहित कई अन्य जिलों में भी हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। अगले तीन दिनों तक प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। उज्जैन और देवास क्षेत्र भी इस बारिश से प्रभावित होंगे।
धार-सेंधवा और रतलाम में असर
धार तथा बड़वानी जिले के सेंधवा इलाके में बारिश की गतिविधियां देखी जा रही हैं। रतलाम जिले के नामली क्षेत्र सहित आसपास के गांवों में खेतों में पानी भरने की खबरें आई हैं। इससे खरीफ फसलों पर असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है। स्थानीय प्रशासन किसानों को सावधानी बरतने की सलाह दे रहा है।
चित्रकूट में मंदाकिनी का जलस्तर बढ़ा
चित्रकूट में शुक्रवार रात मध्य प्रदेश के सतना और आसपास के क्षेत्रों में हुई तेज बारिश के कारण मंदाकिनी नदी का जलस्तर शनिवार तड़के बढ़ गया। सुबह तक जलस्तर लगभग दो मीटर ऊपर आ चुका था। रामघाट समेत कई घाटों की सीढ़ियां पानी में डूब गईं।
फिलहाल जलस्तर खतरे के निशान से करीब तीन मीटर नीचे है। प्रशासन ने घाटों पर बैरिकेडिंग लगा दी है और लोगों को निचले इलाकों में जाने से रोका जा रहा है। दोनों राज्यों के अधिकारी स्थिति पर नजर रखे हुए हैं।