रीवा जिले के चाकघाट थाना क्षेत्र अंतर्गत टमस नदी से सोमवार सुबह एक नर कंकाल मिला है। कंकाल के दोनों हाथ कपड़े से बंधे हुए पाए गए। नदी में लंबे समय तक पड़े रहने के कारण शव पूरी तरह कंकाल में तब्दील हो चुका था। हाथ बंधे होने की वजह से पुलिस हत्या की संभावना पर जांच कर रही है।
कंकाल मिलने की खबर फैलते ही मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। सूचना मिलने पर चाकघाट पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। ग्रामीणों की सहायता से कंकाल को नदी से निकालकर कब्जे में लिया गया। शव की हालत बहुत खराब होने के कारण फिलहाल पहचान स्थापित नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट्स की पड़ताल कर रही है और कंकाल की पहचान कराने के प्रयास जारी हैं।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, कंकाल की स्थिति से स्पष्ट है कि शव कई दिनों से पानी में रहा होगा। हाथ बंधे होने के कारण यह भी जांच का विषय है कि मौत किन हालात में हुई और शव नदी में कैसे पहुंचा। कंकाल को आगे की जांच और पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की सटीक वजह सामने आ सकेगी।