राहुल-विजय की कैफे मुलाकात, दक्षिण में पहली बार ‘छात्रों की गूंज’, 7.5 करोड़ जेन-जेड पर राहुल का फोकस  

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी शनिवार को चेन्नई पहुंचे। यहां उन्होंने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एवं टीवीके प्रमुख सी. जोसेफ विजय से मुलाकात की। नीलंकरई स्थित मुख्यमंत्री आवास पर दोनों नेताओं की करीब एक घंटे तक बातचीत हुई, जिसमें राजनीतिक मुद्दों पर चर्चा हुई। इसके बाद वे पास के पलावक्कम इलाके के एक कैफे में गए, जहां कैप्पुचीनो, तिरामिसू, कुकीज और कॉफी का सेवन किया।

यह बैठक टीवीके के नेतृत्व वाले ‘सेक्युलर सोशल जस्टिस विक्ट्री अलायंस’ के गठन और टीवीके के इंडिया ब्लॉक में शामिल होने के बाद दोनों नेताओं की पहली महत्वपूर्ण मुलाकात मानी जा रही है। कांग्रेस फिलहाल तमिलनाडु में टीवीके सरकार की सहयोगी पार्टी है।

दक्षिण में पहली बार ‘छात्रों की गूंज’

राहुल गांधी आज शाम आइलैंड ग्राउंड्स में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में छात्रों से संवाद करेंगे। कोटा, देहरादून, प्रयागराज, पुणे और इंदौर के बाद यह छठा संस्करण है तथा दक्षिण भारत में पहली बार आयोजित हो रहा है।

इस अभियान के माध्यम से दक्षिण के पांच राज्यों के लगभग 7.5 करोड़ जेन-जेड युवाओं (15-29 वर्ष) पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। आयोजकों के अनुसार एक लाख से अधिक छात्रों ने पंजीकरण कराया है, लेकिन प्रवेश केवल क्यूआर कोड वाले 10 से 20 हजार पंजीकृत छात्रों तक सीमित रहेगा। आम जनता का प्रवेश पूरी तरह बंद रखा गया है और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी है।