शारदीय नवरात्रि के पहले दिन केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो रील साझा कर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने धार्मिक अनुष्ठानों के साथ-साथ महिलाओं के सम्मान पर विशेष जोर दिया।
अपने संदेश में उन्होंने कहा कि नवरात्रि में व्रत रखना, उपवास करना और मां दुर्गा की आराधना करना महत्वपूर्ण है, लेकिन अगर परिवार और समाज में बेटियों, बहनों तथा माताओं का सम्मान नहीं किया जाए तो यह पूजा अर्थहीन हो जाती है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि बेटियां देवी स्वरूप हैं और बहनों व माताओं में भी देवी का वास है।
शिवराज सिंह चौहान ने लोगों से अपील की कि वे अंतःकरण से अपनी बेटियों, बहनों और माताओं का आदर करें। उन्होंने सभी से संकल्प लेने को कहा कि महिलाओं का सम्मान हमेशा प्राथमिकता रहे और इसे केवल त्योहारों तक सीमित न रखा जाए। रील के अंत में उन्होंने मां शैलपुत्री से सभी पर कृपा बनाए रखने की प्रार्थना की और ‘जय माता दी’ कहते हुए नवरात्रि की शुभकामनाएं दीं।