भरूच जिले की एक दवा कंपनी सिंजील फार्मकेम की फैक्ट्री में शुक्रवार को रिएक्टर में जोरदार विस्फोट हो गया। इस हादसे में पांच मजदूरों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य लोग घायल हुए। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, हादसा उस समय हुआ जब फैक्ट्री में 15 हजार लीटर क्षमता वाले रिएक्टर पर काम चल रहा था। अचानक रिएक्टर में विस्फोट हो गया। धमाका इतना तेज था कि रिएक्टर के टुकड़े फैक्ट्री की चारदीवारी के बाहर तक जा पहुंचे। विस्फोट की आवाज करीब 15 किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। धमाके से फैक्ट्री की भारी मशीनें और लोहे की चादरें भी क्षतिग्रस्त हो गईं। उपकरण के टूटे-फूटे हिस्से परिसर में बिखर गए, जिससे वहां काम कर रहे कर्मचारियों में दहशत फैल गई।
विस्फोट के तुरंत बाद फैक्ट्री में मिथाइल डाइक्लोराइड (एमडीसी) गैस का रिसाव शुरू हो गया। गैस फैलने से इलाके में धुआं छा गया। कई मजदूरों और कर्मचारियों की आंखों में तेज जलन होने लगी तथा उनकी तबीयत बिगड़ गई। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं तथा स्थिति का जायजा लिया।
हादसे में 5 मौतों और 6 घायलों की पुष्टि के बाद फैक्ट्री की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि रिएक्टर में विस्फोट किन कारणों से हुआ और गैस रिसाव किन परिस्थितियों में हुआ। प्रशासन ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। जांच पूरी होने के बाद ही हादसे की असली वजह और सुरक्षा मानकों में किसी चूक का पता चल सकेगा।