जापान में हो रहे एशियन पैरा गेम्स 2026 के दौरान भारतीय पैरा तैराक मोहम्मद शम्स आलम शेख विवादों के घेरे में आ गए हैं। 40 वर्षीय इस खिलाड़ी पर होटल की एक महिला कर्मचारी के साथ यौन उत्पीड़न का आरोप लगा है। जापानी पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया और उसके बाद उन्हें भारत वापस भेज दिया गया।
रिपोर्ट्स के अनुसार, घटना सोमवार को नागोया के उस होटल में हुई जहां भारतीय पैरा स्विमिंग टीम रुक रही थी। महिला हाउसकीपिंग स्टाफ सदस्य उनके कमरे में सफाई का काम कर रही थी। आरोप है कि इस दौरान शेख ने उनके साथ अनुचित व्यवहार किया, जिसमें अश्लील इशारे और छूने की कोशिश शामिल थी। महिला तुरंत वहां से निकलकर प्रबंधन को सूचित करने पहुंची।
शिकायत पहुंचते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई और खिलाड़ी को हिरासत में ले लिया। भारतीय प्रतिनिधिमंडल के अधिकारियों ने स्थिति को संभाला और संबंधित कर्मचारी को लिखित माफी दी। इसके बाद शेख को दूसरे होटल में शिफ्ट किया गया और मंगलवार को पहली उपलब्ध उड़ान से भारत भेज दिया गया। वे अपनी कोई भी स्पर्धा नहीं खेल सके।
पैरालंपिक कमेटी ऑफ इंडिया (PCI) इस मामले को बेहद गंभीरता से ले रही है। चीफ डी मिशन ने आजीवन प्रतिबंध लगाने की सिफारिश की है। अंतिम फैसला गेम्स खत्म होने के बाद दिल्ली में बैठक में लिया जाएगा। अधिकारी इस तरह के व्यवहार को देश की छवि के लिए हानिकारक बता रहे हैं।