पायलट स्मित मच्छर को यूएई का बड़ा सम्मान, राष्ट्रपति ने गले लगाया

फ्लाईदुबई के भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छर और उनके साथी क्रू सदस्यों को संयुक्त अरब अमीरात (UAE) ने बहादुरी के लिए सम्मानित किया है। यूएई के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान ने उन्हें ‘फर्स्ट क्लास ऑर्डर ऑफ जायद II’ प्रदान किया। यह यूएई के उच्च नागरिक सम्मानों में शामिल है। समारोह के दौरान राष्ट्रपति ने कैप्टन मच्छर को गले लगाकर उनकी वीरता की सराहना की।

सम्मान दुबई के क्राउन प्रिंस शेख हमदान बिन मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम ने दिया। उन्होंने कैप्टन मच्छर को देश की पहचान बताते हुए कहा कि वे हमारी टीम का हिस्सा हैं और यूएई की करुणा, शांति व जीवन की भावना का प्रतीक हैं। इससे पहले अस्पताल में मुलाकात के दौरान भी शेख हमदान ने उनकी साहस और जिम्मेदारी की प्रशंसा की थी।

क्या हुई थी घटना

30 सितंबर 2026 को फ्लाईदुबई की उड़ान एफजेड1073 दुबई से तेल अवीव के लिए रवाना हुई थी। विमान में करीब 174 यात्री और कर्मचारी सवार थे। उड़ान के बीच ओमानी को-पायलट ने कैप्टन स्मित मच्छर पर कॉकपिट में रखी क्रैश ऐक्स से हमला कर दिया। गंभीर चोटों के बावजूद कैप्टन मच्छर ने कॉकपिट का दरवाजा खोल दिया। इससे अन्य क्रू सदस्य, ऑफ-ड्यूटी पायलट और यात्री हमलावर को काबू में करने में कामयाब रहे। विमान सुरक्षित रूप से सऊदी अरब के तबूक में उतर गया।

यूएई की जांच में इसे आतंकवादी हमले की कोशिश बताया गया है। आरोप है कि को-पायलट विमान को हाईजैक कर इजरायल के बेन गुरियन एयरपोर्ट पर क्रैश करने की योजना बना रहा था।

राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद ने उपराष्ट्रपति और दुबई के शासक शेख मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम की मौजूदगी में क्रू सदस्यों से मुलाकात की। उन्होंने यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में क्रू की पेशेवर भूमिका की सराहना की।