भूटान में फटा ग्लेशियर, 10 हजार लोग घर छोड़कर भागे

भूटान के उत्तरी गासा जिले में गुरुवार रात एक ग्लेशियर झील में अचानक दरार आने से भारी मात्रा में पानी निकल पड़ा। शिंताफू नामक इस झील से निकला पानी मो छू नदी के रास्ते नीचे की ओर तेजी से बह निकला। इससे गासा त्शाचू के प्रसिद्ध हॉट स्प्रिंग्स का पूरा इलाका क्षतिग्रस्त हो गया। लाया गांव को जोड़ने वाली सड़क का हिस्सा बह गया और पुनाखा-गासा हाईवे पर भी मलबा जमा होने तथा सड़क टूटने की खबर है। कुछ अस्थायी पुल भी प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है। सोलर आधारित सिंचाई व्यवस्था को भी नुकसान पहुंचा है।

भूटान में अब तक कोई हताहत की सूचना नहीं मिली है। अधिकारियों ने पहले ही संवेदनशील इलाकों को खाली करा लिया था। झील से निकलने वाले पानी की मात्रा करीब 74 लाख घन मीटर बताई जा रही है।

यह पानी भारत की ओर संकोश नदी के माध्यम से आ रहा है। पश्चिम बंगाल के अलीपुरद्वार जिले और असम के धुबरी समेत आसपास के क्षेत्रों में बाढ़ का अलर्ट जारी कर दिया गया है। अलीपुरद्वार में नदी किनारे बसे गांवों और चाय बागानों के आसपास 10 हजार से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। इनमें कई हजार लोग स्कूलों में बनाए गए राहत शिविरों में ठहरे हैं। आपदा प्रतिक्रिया बल और स्थानीय प्रशासन की टीमें पूरी तरह सक्रिय हैं।

शुक्रवार सुबह पानी के बहाव की तीव्रता कुछ कम होने के संकेत मिले हैं, फिर भी संकोश नदी पर रेड अलर्ट जारी है। दोनों देशों के अधिकारी लगातार संपर्क में हैं और जलस्तर की निगरानी कर रहे हैं।