शुभेंदु अधिकारी का ममता-अभिषेक पर निशाना, TMC को बताया ‘बुआ-भतीजे की पार्टी’

पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने मंगलवार को एक कार्यक्रम में अपने राजनीतिक सफर को लेकर अहम खुलासा किया। उन्होंने बताया कि पूर्व राष्ट्रपति दिवंगत प्रणब मुखर्जी की सलाह के बाद उन्होंने तृणमूल कांग्रेस (TMC) छोड़कर भारतीय जनता पार्टी (BJP) का दामन थामा था।

कोलकाता में आयोजित ‘द इकोनॉमिक टाइम्स बंगाल एसेंड्स’ सम्मेलन में बोलते हुए अधिकारी ने प्रणब मुखर्जी को अपना मार्गदर्शक और अभिभावक बताया। उन्होंने कहा कि जब प्रणब मुखर्जी राष्ट्रपति बनने के बाद राष्ट्रपति भवन पहुंचे थे, तब उनसे मुलाकात के दौरान उन्होंने राजनीतिक भविष्य को लेकर सलाह दी थी।

शुभेंदु अधिकारी के मुताबिक, प्रणब मुखर्जी ने उनसे कहा था कि अगर वह टीएमसी में रहकर केवल एक कर्मचारी की तरह काम करना चाहते हैं, तो वहीं बने रहें। लेकिन अगर अपनी अलग पहचान बनाकर आगे बढ़ना चाहते हैं, तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ जुड़ें।

अधिकारी ने कहा कि वह राजनीति में केवल एक कर्मचारी बनकर नहीं रहना चाहते थे। इसी वजह से उन्होंने टीएमसी छोड़ने का फैसला किया। उन्होंने प्रणब मुखर्जी को अपना ‘ओरिजिनल एडवाइजर’ बताते हुए कहा कि उनकी सलाह ने उनके राजनीतिक निर्णय को प्रभावित किया।

सम्मेलन के दौरान शुभेंदु अधिकारी ने टीएमसी की कार्यशैली पर भी निशाना साधा। उन्होंने पार्टी को ‘बुआ-भतीजे की पार्टी’ करार देते हुए कहा कि इसका संचालन ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी के इर्द-गिर्द होता है। उनके अनुसार, पार्टी एक कंपनी की तरह काम करती है, जिसमें एक मैनेजिंग चेयरमैन और एक मैनेजिंग डायरेक्टर की भूमिका होती है।

उन्होंने कहा कि वह भी पहले इस व्यवस्था का हिस्सा थे, लेकिन अपनी स्वतंत्र राजनीतिक पहचान बनाने के लिए उन्होंने पार्टी छोड़ दी।