Labour finds diamond in Panna: मध्यप्रदेश के पन्ना जिले की धरती एक बार फिर सपनों को हकीकत में बदलने वाली साबित हुई है। यहां के कृष्णा कल्याणपुर पट्टी की एक उथली खदान में काम कर रहे आदिवासी मजदूर माधव की किस्मत उस वक्त अचानक बदल गई जब उसे पहली ही खुदाई में 11 कैरेट 95 सेंट का बेशकीमती हीरा मिल गया। यह हीरा दुर्लभ और उच्च गुणवत्ता वाला है, जिसकी अनुमानित कीमत 40 लाख रुपये से भी ज्यादा बताई जा रही है।
पहली खुदाई में ही बदली किस्मत
माधव ने खदान में अपनी किस्मत आजमाते हुए पहली बार खुदाई की थी। कुछ ही घंटों की मेहनत के बाद उसे वह हीरा मिला, जिसकी उम्मीद लोग वर्षों से करते हैं। यह घटना एक बार फिर इस कहावत को साबित करती है कि मेहनत और हौसला कभी बेकार नहीं जाता और किस्मत कभी भी पलट सकती है। ऐसा ही कुछ माधव के साथ हुआ जहाँ रातों रात उसकी किस्मत बदल गई।
हीरा कार्यलय में जमा किया हीरा
माधव ने नियमों का पालन करते हुए यह कीमती हीरा पन्ना स्थित हीरा कार्यालय में जमा करवा दिया है। हीरा अधिकारी रवि पटेल के अनुसार, यह हीरा बेहद साफ, दुर्लभ और उच्च गुणवत्ता वाला है, जिसकी बाजार में भारी मांग है। आगामी नीलामी में इसे रखा जाएगा और वहां मिलने वाली राशि में से 12.5% रॉयल्टी काटकर शेष रकम माधव को प्रदान की जाएगी।
कई लोगों की बदली है किस्मत
पन्ना की हीरा खदानें पहले भी कई मजदूरों की तकदीर बदल चुकी हैं। यहां न केवल बेशकीमती हीरे मिलते हैं, बल्कि आत्मविश्वास, उम्मीद और नए जीवन की शुरुआत का रास्ता भी मिलता है। माधव की कहानी इस बात का उदाहरण है कि मेहनत, भरोसा और थोड़ा सा भाग्य किसी की भी किस्मत को रातोंरात बदल सकता है।